झुमरीतिलैया. कोडरमा के यात्रियों को सुखद व आरामदायक यात्रा करने के लिए बहुत जल्द अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नयी ट्रेन उपलब्ध होगी. हावड़ा से आनंद विहार साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शीघ्र प्रारंभ होगा. रेल अधिकारियों के अनुसार, 18 जनवरी से परिचालन शुरू होने की संभावित तिथि बतायी जा रही है, जिसका ठहराव झारखंड के धनबाद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, गोमो, पारसनाथ और कोडरमा में दिया गया है. जल्द ही परिचालन तिथि व ठहराव का समय घोषित होने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक, रेलवे ने हावड़ा आनंद विहार अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस (13065/ 13066) ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें 20 कोच होंगे. उक्त ट्रेन हावड़ा व आनंद विहार के बीच बंडेल, वर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी होते हुए आनंद विहार तक संचालित होगी. हावड़ा से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को खुलेगी, जबकि आनंद विहार से शनिवार को खुलेगी. कोडरमा वासियों ने कोडरमा जंक्शन पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित किये जाने पर रेलमंत्री व रेलवे बोर्ड के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
