झुमरीतिलैया से सुजल भदानी की रिपोर्ट
झुमरीतिलैया (कोडरमा). शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को अभियान चलाया. एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी के नेतृत्व में झंडा चौक से कोडरमा स्टेशन तक सड़क और फुटपाथ पर किये गये अतिक्रमण को हटाया गया. दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाकर अंदर कराया गया.
दुकानदारों को दी दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी
अभियान के दौरान दुकानदारों को सड़क या फुटपाथ पर दोबारा सामान रखने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी. एसडीपीओ ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दी जायेगी. सड़क पर टोटो, ठेला या अन्य वाहन खड़ा कर यातायात प्रभावित करने वालों पर भी कार्रवाई होगी.
शुक्रवार से लगातार चलेगा अभियान
गुरुवार को अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि शुक्रवार से अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गयी. अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की जायेगी. अभियान के बाद दुकानदारों और टोटो-ठेला चालकों में हड़कंप रहा.
पुलिस और नगर परिषद की टीम रही मौजूद
अभियान में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, नगर परिषद के रेवेन्यू इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार मेहता और अजीत कुमार, पर्यवेक्षक बलराम कुमार समेत पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: MMDR अधिनियम के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन तेज, 7 सितंबर को राजभवन घेराव
