कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. हजारीबाग से आई एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई पहले से तय योजना के तहत की. दारोगा को पीड़ित पक्ष से रिश्वत लेते समय ही पकड़ लिया गया, जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया.
अवैध शराब मामले को मैनेज करने के नाम पर घूस
जानकारी के अनुसार, चंदवारा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले अवैध शराब को लेकर छापेमारी की गई थी. इस मामले को मैनेज करने और आरोपी पक्ष को राहत देने के नाम पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये की मांग की गई थी. पीड़ित पक्ष इस मांग से परेशान था और किसी तरह इस मामले का समाधान चाहता था.
जेकेएलएम नेता के माध्यम से एसीबी तक पहुंची शिकायत
बताया जाता है कि इस मामले की जानकारी पीड़ित पक्ष ने जेकेएलएम के नेता प्रेम नायक को दी. इसके बाद प्रेम नायक ने पूरे मामले की शिकायत हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय में की. शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की और रिश्वतखोरी की पुष्टि होने पर जाल बिछाने की योजना बनाई.
योजना के तहत रिश्वत लेते ही दबोचा गया दारोगा
एसीबी की टीम के निर्देश के अनुसार गुरुवार को दारोगा को 15 हजार रुपये रिश्वत देने की व्यवस्था की गई. जैसे ही दारोगा पवन कुमार राम ने पीड़ित से पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि दारोगा थाना परिसर में बने अपने सरकारी क्वार्टर में ही रिश्वत ले रहा था.
गिरफ्तारी के बाद हजारीबाग ले गई एसीबी टीम
रंगेहाथ गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दारोगा पवन कुमार राम को अपने साथ हजारीबाग ले गई. वहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद और लातेहार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, झारखंड बार एसोसिएशन का हो रहा चुनाव
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें. इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: पलामू के सतबरवा में फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक ग्रामीण बीमार, शादी के भोज में गए थे खाने
