झुमरीतिलैया. आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष महेश कुमार यादव के नेतृत्व में सोमवार को पार्टी कार्यालय से झंडा चौक तक खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम-2026 के विरोध में प्रतिवाद मार्च निकाला गया. इस दौरान झंडा चौक पर आप नेताओं द्वारा केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया.
जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा केवल खनन का विषय नहीं, बल्कि राज्य के आर्थिक अधिकार, राजस्व और जनता के भविष्य से जुड़ा सवाल है. आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से स्पष्ट जवाब और जवाबदेही की मांग करेगी. उन्होंने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन अधिनियम-2026 वापस लो, झारखंडियों का हक मारना बंद करो—बंद करो.
जिला संरक्षक दामोदर यादव ने कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज उत्पादक राज्यों में है और यहां की खनिज संपदा का लाभ राज्य की जनता और आने वाली पीढ़ियों को मिलना चाहिए. टोटो विंग के जिला अध्यक्ष इस्लाम अंसारी ने कहा कि खनिज संपदा झारखंड की धरती से निकलती है, इसलिए इससे जुड़े फैसलों में झारखंड की जनता के हित और राज्य के अधिकारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए. मौके पर कई लोग मौजूद थे.
