झुमरीतिलैया : प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बुधवार को राजस्व कर्मचारी मनोज कुमार सिंह के साथ सरेआम मारपीट की गयी. तिलैया की एक महिला के साथ पहुंचे व्यक्ति ने पहले राजस्व कर्मचारी पर काम के लिए दबाव बनाया. इसके बाद बात इतनी बढ़ गयी कि महिला ने चप्पल खोल कर कर्मी की पिटाई कर दी.
बाद में महिला व उक्त पुरुष सीओ अतुल कुमार से भी उलझ गये. घटना के दौरान कई लोग व जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गयी. इस संबंध में राजस्व कर्मचारी मनोज कुमार सिंह ने तिलैया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में कर्मी ने कहा है कि वह अंचल कार्यालय में बैठ कर पेंशन से संबंधित काम कर रहे थे.
इसी दौरान गांधी स्कूल रोड निवासी रीता देवी व उसका भाई चितरंजन सिंह कार्यालय में आकर गलत काम करने के लिए दबाव डालने लगे. मना करने पर गाली-गलौज करते हुए मेके साथ मारपीट करने लगे. साथ ही जान से मारने तक की धमकी दी. इस संबंध में थाना में मारपीट करने व सरकारी कामकाज में बाधा डालने का मामला दर्ज हुआ है.
