झुमरीतिलैया : जिले में मां सरस्वती की पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है. शनिवार को झुमरीतिलैया समेत जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों में विद्या दायिनी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना भक्तिभाव से की जायेगी.
पूजा को लेकर जगह-जगह पर पंडाल व आकर्षक सजावट करने में पूजा समिति के लोग लगे हैं. आकर्षक लाइटिंग व पंडाल पूजा के मुख्य आकर्षण होंगे. शहर के विद्यापुरी स्थित धनी सिंह तालाब में इस बार कोलकता के विद्या सागर सेतु का नजारा दिखेगा.
यहां पर चमत्कारी बाबा नवयुवक संघ द्वारा तालाब के बीच मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गयी है. इसके अलावा बजरंग नगर, महाराणा प्रताप चौक, अड्डी बंगला आदि जगहों पर भी मां सरस्वती की पूजा धूमधाम से की जायेगी. इधर, पूजा के पूर्व संध्या को छात्रों व युवाओं की टोली रिक्शा व अन्य वाहन पर मां सरस्वती की प्रतिमा ले जाते दिखे. शहर के फल बाजार में भी रौनक दिखी.
