झुमरीतिलैया : राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति व झारखंड राज्य आजीविका प्रमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में शिविर लगा कर लोगों के बीच ऋण व परिसंपत्ति का वितरण किया गया. इस दौरान 12 बैंकों के माध्यम से कुल 21 करोड़, 52 लाख की ऋण व परिसंपत्ति का वितरण किया गया.
एलडीएम सुधीर शर्मा ने बताया कि 25 महिला स्वयं सहायता समूह के अलावा 21 लोगों को केसीसी, 225 लोगों को मुद्रा योजना के तहत ऋण, 15 लोगों को पीएमइजीपी, 30 लोगों को आवास ऋण, 15 को शिक्षा ऋण व 56 को एसएमइ के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया. कोडरमा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित शिविर में प्रमुख अनिता देवी मौजूद थी. मौके पर प्रमुख ने कहा कि आपलोग जिस कार्य के लिए ऋण लेते है, उसी काम के लिए पैसे का भी उपयोग करे.
साथ ही समय पर ऋण को भी लौटा दें. एलडीएम सुधीर शर्मा ने कहा कि अगर आंशिक परेशानी में भी किसी वजह से आपका ऋण एनपीए हो जाता है, तो भी आप बैंक आकर संपर्क करें. इससे आप बैंक से ब्लैक लिस्टेड होने से बचेंगे. मौके पर बीडीओ प्रभाष कुमार दता, उप प्रमुख वृजनंदन यादव आदि मौजूद थे. शिविर के दौरान बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक, इंडियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एसबीआइ व अन्य बैंकों द्वारा ऋण का वितरण किया गया.
