कोडरमा बाजार : पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को तिलैया थाना में पदस्थापित सभी 11 पैंथर जवानों को हटा दिया है.
हटाये गये पैंथर जवानों में मनोज कुमार, आशीष कुमार सिंह, अरविंद कुमार, देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार ठाकुर, राहुल कुमार, प्रेमनंद कुमार, सोमनाथ रजक, धर्मेंद्र कुमार देव व विनोद कुमार शामिल हैं. बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक ने उक्त कार्रवाई शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे जुआ अड्डा के मामले में की है. इन दिनों दिवाली को लेकर शहर के कई जगहों पर जुआ का खेल सरे आम चल रहा है.
इन जुआ अड्डा के संचालन में पुलिस के कुछ कर्मियों का संरक्षण होने की बात भी सामने आयी थी. साथ ही जुआ अड्डों पर से पैसे की अवैध वसूली की शिकायत भी पुलिस अधीक्षक को मिली थी. जुआ अड्डा को लेकर प्रभात खबर ने भी बीते दिनों समाचार प्रकाशित किया था. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने पैंथर जवानों को हटा कर उनकी ड्यूटी आवास पर लगा दी है.
