गजराज के गुस्से से सतगावां प्रखंड के किसान हैं परेशान

प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पिछले कई दिनों से हाथियों का आतंक जारी है.

सतगावां. प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में पिछले कई दिनों से हाथियों का आतंक जारी है. हाथियों के झुंड ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाते हुए न केवल किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है, बल्कि कई परिवारों को बेघर भी कर दिया है. हाथियों के इस तांडव से पूरे प्रखंड में दहशत का माहौल है और अब तक लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. हाथियों ने अलग अलग गांवों को अपना निशाना बनाया है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को भारी क्षति हुई है. वहीं मीरगंज भदाली मिश्रीचक गांव में दो माह पूर्व भी हाथियों ने खलिहान में रखे धान को अपना निवाला बना लिया. मिश्रीचक में एक गरीब परिवार का घर ध्वस्त कर दिया. शिवपुर में हाथियों ने खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों और प्याज की फसलों को रौंद डाला. तैयार फसल के बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. सिहास में भी कई किसानों की विभिन्न प्रकार की फसलों को हाथियों ने व्यापक नुकसान पहुंचाया है. गोनरडीह और रसैला क्षेत्रों में हाथियों ने सबसे अधिक आक्रमकता दिखायी. यहां हाथियों ने एक मवेशी को मार डाला, एक घर को पूरी तरह नष्ट कर दिया और बड़े पैमाने पर खेतों में लगी फसलों को बर्बाद कर दिया. कोड़वाडीह में भी हाथियों के झुंड ने खेतों में घुसकर फसलों को भारी क्षति पहुंचायी है. प्रभावित किसानों का कहना है कि उनकी साल भर की जमा पूंजी और मेहनत हाथियों ने नष्ट कर दी है, जिससे वे काफी हताश और निराश हैं. प्रखंड में हुई इस भारी क्षति को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से अविलंब राहत की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >