कोडरमा : जिले की दो नाबालिग लड़कियां राजस्थान के अलवर से बरामद हुईं. दोनों बच्चियों को राजस्थान के अलवर जिले की चाइल्ड लाइन संस्था के सदस्यों ने ट्रेन में देखा. उसके बाद दोनों को अपने साथ ले गये. पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह वर्षों पूर्व घर से निकल गयी थी. पूछने पर दोनों ने अपना नाम, पिता का नाम व घर का पता बताया.
संस्था की कार्यकर्ता संगीता को एक लड़की ने बताया कि उनके पिता शराब पीकर घर में परेशान करते थे. इसलिए वह घर छोड़ कर आ गयी. रास्ते में साथ में मौसेरी बहन को भी ले लिया. चाइल्ड लाइन ने इसकी जानकारी कोडरमा के सीडब्ल्यूसी को दी. दोनों बच्चियों को कोडरमा लाने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष ममता सिंह ने बताया कि बच्चियां वहां कैसे गयीं और इतने वर्ष तक क्या किया. यह उनके आने के बाद ही पता चल पायेगा. संभवत चार-पांच दिन में वे यहां आयेंगी. हम लोग इनके परिजनों को खोजने का प्रयास कर रहे हैं.
