सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने किया हंगामा

झुमरीतिलैया : कौशल विकास केंद्र में मंगलवार को नगर पर्षद बोर्ड की बैठक अध्यक्ष प्रकाश राम की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर की सफाई, पेयजलापूर्ति व आय के स्रोत में बढ़ोतरी का मुद्दा छाया रहा. बैठक में मौजूद पार्षदों ने सफाई व्यवस्था सही ढंग से नहीं होने पर हंगामा किया. पार्षदों का आरोप था […]

झुमरीतिलैया : कौशल विकास केंद्र में मंगलवार को नगर पर्षद बोर्ड की बैठक अध्यक्ष प्रकाश राम की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर की सफाई, पेयजलापूर्ति व आय के स्रोत में बढ़ोतरी का मुद्दा छाया रहा. बैठक में मौजूद पार्षदों ने सफाई व्यवस्था सही ढंग से नहीं होने पर हंगामा किया.

पार्षदों का आरोप था कि डोर टू डोर कूड़ा संग्रहण कर रही कंपनी का वाहन प्रतिदिन वार्डों में नहीं आता और कभी आता भी है, तो ठीक से कूड़ा का उठाव नहीं किया जाता है. हंगामा बढ़ता देख कार्यपालक पदाधिकारी कौशलेस कुमार ने निजी कंपनी के साइट हेड प्रवीण शंकर को बैठक में बुला कर सभी वार्डों में ध्यान देते हुए सही तरीके से कूड़ा उठाव करने का निर्देश दिया.

इसके बाद पार्षद शांत हुए. बैठक में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने का भी मुद्दा पार्षदों ने उठाया. इस पर अध्यक्ष ने बताया कि दीर्घकालीन प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने स्वीकृति दी है. डीवीसी से एनओसी मांगा गया है. वर्तमान में व्यवस्था ठीक करने के लिए पेयजल स्वच्छता विभाग को लिखा जायेगा. उन्होंने कहा कि जल्द पूरे नगर पर्षद क्षेत्र में लोगों को प्रतिदिन पर्याप्त जलापूर्ति की सुविधा मिलेगी. कई वार्ड पार्षदों ने गंदे पेयजल आपूर्ति व सफाई के मुद्दे को उठाया और कहा कि शहर की नियमित सफाई नहीं होती है, जिससे गंदगी का अंबार लग जाता है.
यहीं नहीं वार्ड नंबर 11 के पटना ट्रांसपोर्ट गली में गंदे पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिस पर अध्यक्ष ने कहा कि पुनः एक बार पेयजल स्वच्छता विभाग से आग्रह कर इसे दुरुस्त किया जायेगा. बैठक में छठ घाटों की सफाई का काम शीघ्र शुरू पूरा करने का निर्णय लिया गया. मौके पर उपाध्यक्ष संतोष कुमार यादव, इइएसएल कंपनी के शेखर कुमार, पार्षद रूबी देवी, आशा देवी, मोबिना प्रवीण, घनश्याम तुरी, नीरज कर्ण, पिंकी जैन, बसंत सिंह, विशाल सिंह, शमीम आलम, असगरी खातून, अनुराग सिंह, राजू कुमार, दिलीप वर्मा, बाल गोविंद मोदी, अरुण कुमार, किरण देवी, आरती चौधरी, गंदौरी रजक, उमा देवी, प्रधान लिपिक सुभाष कुमार मौजूद थे.
3100 बिजली के पोल पर लगेंगे बल्ब: अध्यक्ष ने बताया कि नगर पर्षद क्षेत्र अंतर्गत कुल 3100 बिजली के पोल लगे हैं, जिस पर एक महीना के अंदर बल्ब लगाये जायेंगे. इस योजना की स्वीकृति मिल गयी है. इसके लिए इइएसएल कंपनी को अधिकृत किया गया है. उन्होंने बताया कि शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर 210 वाट का हाई मास्ट लाइट लगायी जायेगी, जबकि रांची-पटना रोड व बाइपास समेत अन्य मुख्य सड़कों के किनारे लगे बिजली के पोल पर 190 वाट के बल्ब लगेंगे. वार्ड की प्रमुख गलियों में 70 वाट के बल्ब व अन्य छोटी गलियों में 35 वाट का बल्ब लगाया जायेगा. इससे पूरा शहर दीपावली में जगमगा उठेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >