जयनगर : कोडरमा लोकसभा चुनाव की सरगर्मी जैसे-जैसे बढ़ रही है, स्टार प्रचारकों के हेलीकॉप्टर की उड़ान भी शुरू हो गयी है. इस लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी को पीएम मोदी व उनके कार्यों पर भरोसा है. वहीं महागठबंधन के झाविमो प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी को घटक दल झामुमो के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राजद के गौतम सागर राणा व कांग्रेस के डाॅ अजय व उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों पर पूरा भरोसा है.
इधर, माले प्रत्याशी राजकुमार यादव को गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी, बेगूसराय के भाकपा प्रत्याशी कन्हैया कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और अपने संघर्षो पर पूरा भरोसा है. इधर, युवा मतदाताओं ने मन बना लिया कि इस बार सोच समझकर ऐसे प्रत्याशी को सांसद चुनेंगे जो विकास का विजन वाला हो. प्रभात खबर ने जब इस संबंध में कुछ युवाओं से बातचीत की तो युवाओं ने अपनी-अलग अलग प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
