मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं शुरू, दो परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

कोडरमा : जिले में झारखंड बोर्ड की ओर से आयोजित मैट्रिक व इंटर की परीक्षा बुधवार को शुरू हो गयी. परीक्षा को लेकर बनाये गये 25 केंद्रों में से कई पर पहले दिन संबंधित विषय का कोई परीक्षार्थी नहीं होने के कारण सन्नाटा दिखा, जबकि कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण […]

कोडरमा : जिले में झारखंड बोर्ड की ओर से आयोजित मैट्रिक व इंटर की परीक्षा बुधवार को शुरू हो गयी. परीक्षा को लेकर बनाये गये 25 केंद्रों में से कई पर पहले दिन संबंधित विषय का कोई परीक्षार्थी नहीं होने के कारण सन्नाटा दिखा, जबकि कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा संपन्न हुई.

मैट्रिक परीक्षा को लेकर बनाये गये 16 परीक्षा केंद्रों में से पांच पर ही संबंधित विषय की परीक्षा परीक्षार्थियों ने दी. पहली पारी में वाणिज्य व गृह विज्ञान विषय की परीक्षा में कुल 296 परीक्षार्थियों में से एक अनुपस्थित रहा, जबकि दूसरी पाली में इंटर की परीक्षा हुई.

इसमें 53 में से एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा. शिक्षा विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार मैट्रिक की परीक्षा को लेकर बनाये गये केंद्र सीएच प्लस टू उच्च विद्यालय झुमरीतिलैया में 51 में 51 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर में 188 में से 187 उपस्थित-एक अनुपस्थित, मेरेडिअन एकेडमी में 26 में सभी उपस्थित, झारखंड शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय में दो में दो उपस्थित व उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलीडीह सतगावां में 29 में सभी उपस्थित रहे.

इंटर को लेकर बनाये गये परीक्षा केंद्र जेजे काॅलेज व झारखंड शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय में तो मात्र एक-एक परीक्षार्थी ने परीक्षा दी. इसके लिए पूरा सिस्टम लगा रहा. वहीं सीएच प्लस टू उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर 51 में 50 उपस्थित, एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा.

सीसीटीवी से हो रही निगरानी
शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराने को लेकर छात्रों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है. सभी परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरा की निगरानी के लिए तीन शिक्षकों की नियुक्ति की गयी है. इसके अलावा संबंधित परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल दिया गया है. यही नहीं उड़नदस्ता टीम व वीक्षक भी अपने स्तर से लगे हैं.
सतगावां के एक केंद्र पर हुई परीक्षा
सतगावां. प्रखंड में मैट्रिक की परीक्षा को लेकर बनाये गये तीन परीक्षा केंद्रों में से एक पर बुधवार को परीक्षा ली गयी. दो परीक्षा केंद्र पर संबंधित विषय का कोई परीक्षार्थी नहीं था. उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलीडीह में 29 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है.
इसके अलावा केंद्रों का निरीक्षण के लिए मजिस्ट्रेट दी गयी है. बीडीओ सह सीओ बैद्यनाथ उरांव के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी परीक्षा पर नजर रख रहा है. ऑब्जर्वर के रूप में डीपीओ ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. परीक्षा को लेकर राज्य संपोषित प्लस टू माॅडल उच्च विद्यालय बासोडीह में रंजीत कुमार को केंद्राधीक्षक व बतौर मजिस्ट्रेट एमओ राजू रजक को तैनात किया गया है, जबकि मध्य विद्यालय बासोडीह केंद्र पर अर्जुन चौधरी केंद्राधीक्षक व कनीय अभियंता उमेश पासवान मजिस्ट्रेट हैं. उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलीडीह में केंद्राधीक्षक मुनिश्चंद्र सिंह व मजिस्ट्रेट कनीय अभियंता सहदेव टुड्डू है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >