कोडरमा : एक्टू व सीटू की संयुक्त बैठक राणीसती धर्मशाला में हुई. अध्यक्षता एक्टू के जिला संयोजक विजय पासवान व संचालन प्रेम प्रकाश ने किया. मौके पर मुख्य वक्ता एक्टू के राज्य महासचिव शुभेंदु सेन ने कहा कि मजूदरों के हक व अधिकार के सवाल पर आठ व नौ जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल होगी.
मोदी सरकार की मजदूर विरोधी और देशविरोधी नीतियां न सिर्फ श्रमिकों पर बोझ डाल रही है, बल्कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों और देसी कॉरपोरेट मिल कर देश की अर्थव्यवस्था की नींव उखाड़ रहे हैं. इस सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है.
जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि हड़ताल ऐतिहासिक होगी. उन्होंने कहा कि भाजपा की फांसीवादी सरकार का जल्दी जाना ही देश की भलाई है. सीटू राज्य कमेटी सदस्य संजय पासवान ने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ की जनता ने जनादेश देकर साफ कर दिया है कि 2019 में जनविरोधी सरकार की विदाई तय है. मोदी सरकार समाज में सांप्रदायिकता और फूट डालने की साजिश कर रही है, सीबीआइ एनआइए, आरबीआइ जैसी एजेंसियों का खुले इस्तेमाल कर रही है.
शांति प्रिय, धर्मनिरपेक्ष जनता असुरक्षित महसूस कर रही है. मजदूर वर्ग को इस नफरत की राजनीति के खिलाफ पूरी संजीदगी से एकताबद्ध होकर आवाज उठानी होगी. कन्वेंशन को एटक की सोनिया देवी, एक्टू के मोहन दत्ता, उप प्रमुख बिरेंद्र यादव, सीटू की मीरा देवी ने भी संबोधित किया.
कोडरमा जिला में हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया गया. इस अवसर पर आंगनबाड़ी संघ, झारखंड जेनरल मजदूर यूनियन, निर्माण मजदूर, रसोइयां संघ, निकाय सफाई मजदूर यूनियन, आयरन फैक्टरी कर्मचारी, पत्थर, माइका मजदूर यूनियन से शंभु पासवान, रवींद्र भारती, राजेंद्र यादव, छोटू यादव, महेश यादव, नारायण साव, जुमाली मियां, बसंती देवी, बिनोदनी अवध्या, बसंती देवी, शिवनंदन भुइयां, बिनोद पासवान, राजेंद्र मेहता, अर्जुन यादव आदि मौजूद थे.
