Jharkhand रिश्ते तार-तार : आखिरी समय में नाबालिग ने कहा अब्बू ने मेरे साथ दुष्कर्म किया

जयनगर: थाना क्षेत्र के परसाबाद में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली हृदय विदारक घटना को लेकर जयनगर थाना में अब जाकर मामला दर्ज हुआ है. तीन दिन तक चली जांच के बाद थाना में मृतक बच्ची की मां के बयान पर केस तो दर्ज कर लिया गया, लेकिन मानवता को शर्मसार करनेवाले आरोपी पिता […]

जयनगर: थाना क्षेत्र के परसाबाद में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली हृदय विदारक घटना को लेकर जयनगर थाना में अब जाकर मामला दर्ज हुआ है. तीन दिन तक चली जांच के बाद थाना में मृतक बच्ची की मां के बयान पर केस तो दर्ज कर लिया गया, लेकिन मानवता को शर्मसार करनेवाले आरोपी पिता को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पायी है.
12 वर्षीय बच्ची की मां ने जो आवेदन दिया है उसके अनुसार घटना के एक दिन पहले आरोपी मुमताज अंसारी ने शराब के नशे में पिटाई कर घर में ताला लगा दिया था. यही नहीं घटना के दिन भी नशे में मारपीट की गयी थी. जब वह घर से बाहर निकला तो अंदर कमरे से धुआं निकल रहा था. दरवाजा तोड़ अंदर घुसी तो बेटी का शरीर जला हुआ था. उसने इतना ही कहा अब्बू ने मेरे साथ दुष्कर्म किया. अब्बू पहले भी गलत काम किया था. ज्ञात हो कि आठ सितंबर को परसाबाद में 12 वर्षीय बच्ची ने खुद को आग लगा कर जान दे दी थी. परिजनों ने उसे आनन-फानन में स्थानीय कब्रगाह में दफना दिया था.
बच्ची के दादा ने थाना में यूडी वाद केस दर्ज कराते हुए बच्ची पर जिन्न सवार होने व मानसिक रूप से विक्षिप्त भी बताया था. आनन-फानन में शव दफनाने की सूचना थाना पुलिस को मिली थी, पर आत्महत्या का मामला लगने के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी. जब मामला एसपी एसके झा के पास पहुंचा और घटना में कोई और बात सामने आयी तो 48 घंटे बाद पुलिस ने 10 सितंबर को बच्ची का शव कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इसी बीच रविवार शाम को मीडिया के सामने मृतका की मां ने बयान दिया कि बेटी के साथ उसका पिता ही गलत काम करता था. इसी से परेशान होकर उसने अपनी जान दे दी. इस बयान के अगले दिन सोमवार को महिला ने जयनगर थाना में केस भी दर्ज कराया. पुलिस ने थाना कांड संख्या 213/17 दर्ज किया है.
मरते समय बोल रही हूं, अब्बू को जेल हो
आवेदन में महिला ने लिखा है कि सात सितंबर को करीब सात बजे उसका पति शराब पीकर घर आया व कहने लगा बेटी कहां है, मुझे उससे मिला दो नहीं तो तुम्हारा जान मार देंगे. बेटी आंगन में सोयी थी. उसे बुला दिया. उसने बेटी से पूछा कहां सोयी थी, बच्ची ने बताया कि बाहर सोयी हुई थी. इतना सुनते ही मुमताज बच्ची को मारने लगा. बच्ची घर से निकल बाहर चली गयी तो पति मुझे मारने लगा. करीब 12 बजे रात में बोले बेटी को खोज कर लाओ नहीं तो तुम्हें मार कर फेंक देंगे. फिर वह शराब पीने चला गया. वापस आकर कहा, घर से निकल जाओ, नहीं तो यहीं मार देंगे. छोटे तीन बच्चों के साथ हाथ पकड़ कर उसे बाहर निकाल सामान इधर-उधर फेंक दिया और ताला बंद कर दिया.

आठ सितंबर की सुबह फिर शराब पीकर आया और मारने लगा. कुछ देर घर में रहा और फिर चला गया. इसी दौरान अचानक उसने देखा की कमरे के अंदर से धुआं निकल रहा है, बेटी ने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क आग लगा ली है. दरवाजा तोड़ अंदर घुसी तो उसका शरीर जला हुआ था. बच्ची बोली अब्बू ने मेरे साथ दुष्कर्म किया, पहले भी करते थे, मैंने इज्जत के डर से पहले नहीं बताया, आज मरने के समय बता रही हूं, ताकि अब्बू को जेल हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >