झुमरीतिलैया : चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गुरुवार रात घूम रहे एक लड़के को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी ने गिरिडीह जिले के राजधनवार से बीते दिन मोटरसाइकिल की चोरी की थी और उसी मोटरसाइकिल से अपने दोस्त को लेने के लिए कोडरमा स्टेशन आया था. इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूमता देख मोरियावां के लोगों ने उसे पकड़ लिया. इस दौरान लोगों ने उसकी जम कर पिटाई कर दी. बाद में इसकी सूचना तिलैया पुलिस को दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़के को अपने अभिरक्षा में ले लिया. बाद में उसे राजधनवार थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
जानकारी के अनुसार गिरिडीह के पांडेयडीह डोरंडा के रहनेवाले राहुल कुमार गोस्वामी ने छह सितंबर को राजधनवार क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल (नंबर जेएच-11पी-6508) की चोरी की थी. इस संबंध में थाना कांड संख्या 286/17 दर्ज है. आरोपी के अनुसार गुरुवार रात उसका दोस्त बाहर से कोडरमा स्टेशन पहुंचने वाला था. उसे लेने के लिए उक्त मोटरसाइकिल से वह यहां आया था. ट्रेन लेट होने पर वह झंडा चौक की ओर जा रहा था. इसी दौरान वहां पुलिस को देख कर उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़ ली और दूसरे रास्ते में घुस गया.
रात एक बजे वह मोरियावां इलाके में पहुंचा, तो वहां रात्रि सुरक्षा में तैनात लोगों ने संदेह के आधार पर उसे पकड़ कर पूछताछ करनी शुरू कर दी. इस दौरान आसपास के लोग भी जमा हो गये. उन्होंने उसकी पिटाई कर दी. जांच में यह बात सामने आयी कि जिस मोटरसाइकिल से वह यहां आया था वह चोरी की है. तिलैया पुलिस की सूचना पर पहुंची राजधनवार पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गयी. आरोपी खुद को नाबालिग बता रहा है.
