जिला परिषद बोर्ड की बैठक में लिया गया निर्णय, गांवों के चौक-चौराहों पर लगेगी स्ट्रीट लाइट
कोडरमा बाजार: जिला परिषद बोर्ड की बैठक गुरुवार को अध्यक्ष शालिनी गुप्ता की अध्यक्षता में हुई. बैठक में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश जारी किये गये. बैठक में चालू वित्तीय वर्ष में जिले के सभी प्रखंडों के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़- भाड़ वाले […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
कोडरमा बाजार: जिला परिषद बोर्ड की बैठक गुरुवार को अध्यक्ष शालिनी गुप्ता की अध्यक्षता में हुई. बैठक में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश जारी किये गये. बैठक में चालू वित्तीय वर्ष में जिले के सभी प्रखंडों के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़- भाड़ वाले क्षेत्रों में 10 से 12 स्ट्रीट लाइट लगाने की अनुमति दी गयी. इसके लिए सदस्यों से स्थल चयन कर चार दिन के अंदर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
निर्णय के बाद भी अभी तक विभाग द्वारा वाहन उपलब्ध नहीं कराने पर जिप उपाध्यक्ष निर्मला देवी नाराज दिखी. बैठक के दौरान वह डीडीसी से इस मुद्दे पर पूछताछ करती रही. अंततः एक सप्ताह के अंदर किराये पर वाहन उपलब्ध कराने का डीडीसी द्वारा आश्वासन दिये जाने पर मामला शांत हुआ.
बैठक में कोडरमा प्रखंड मुख्यालय परिसर में दो लाख की लागत से सामुदायिक शौचालय निर्माण करवाने, मरकच्चो डाक बंगला के रख-रखाव व देखभाल के लिए एक व्यक्ति को रखने आदि निर्णय लिये गये. बैठक में जिप सदस्य रेखा देवी ने बरसात के मौसम को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में डीडीटी का छिड़काव करवाने, महादेव राम ने राशन कार्ड से वंचित जरूरतमंदों को इसका लाभ देने की मांग की. जिप सदस्य पवन सिंह ने जयनगर पूर्वी में पंचायत भवन निर्माण में संवेदक द्वारा लापरवाही बरतने, धीमी गति से कार्य करने का आरोप लगाते हुए तत्काल इसकी जांच की मांग की.
कोडरमा प्रमुख अनिता कुमारी ने इंदरवा से बुच्चीटांड़ की जर्जर सड़क का मामला उठाते हुए अविलंब इस समस्या को दूर करने की मांग की. शांति प्रिया ने डोमचांच शहीद चौक से ढाब रोड व गोरियाडीह के जर्जर सड़क का मामला उठाते हुए कहा कि पूर्व की बैठक में दोनों सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव लिया गया, मगर अभी तक कार्य शुरू नहीं हुआ है. मौके पर डीडीसी आदित्य कुमार आनंद, जिप उपाध्यक्ष निर्मला देवी, विधायक प्रतिनिधि संजीव समीर, जिप सदस्य राजकुमार यादव, कैलाश यादव, अमृता सिंह, अमिता यादव, रेखा देवी, महादेव राम, भुनेश्वर राम, मुनिया देवी, प्रमुख अनिता कुमारी, लीलावती देवी, सत्यनारायण यादव, करीना देवी, सावित्री देवी के अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.