सोनाहातू. बिजली नहीं रहने के कारण सोनाहातू पूर्वी का जलापूर्ति केंद्र पिछले 15 दिनों से बंद पड़ा है. जिससे क्षेत्र के हजारों परिवारों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है. ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. कई लोग दूर-दराज के चापाकलों और कुओं से पानी लाने को मजबूर है. जल जीवन मिशन अंतर्गत दुलमी ग्रामीण जलापूर्ति योजना से रोजाना लगभग 47 लाख लीटर पेयजल की सप्लाई होती रही है. मारांगकिरी के स्वर्ण रेखा नदी पर बने कुआं से पानी को उठाकर फिल्टर प्लांट में लाया जाता है, जहां पानी को फिल्टर कर मारांगकीरी, बारेंदा ओर बांकू में बना जल मीनार तक पहुंचाया जाता है. फिर जलमीनार से बारेंदा, दुलमी, पंडाडीह, लान्दुपडीह, बांकू पंचायत के 25 गांव के हजारों घरों तक पीने का पानी पहुंचाया जाता रहा है. लेकिन 15 दिन से पानी की सप्लाई बंद पड़ी है. जलापूर्ति केंद्र में कार्यरत ऑपरेटर सोहदर महतो और संजय महतो ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण मशीन चालू नहीं हो पा रही है. बिजली नहीं रहने से पानी टंकी तक नहीं पहुंच पा रहा, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में जलापूर्ति ठप हो गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. इधर, विभाग की उदासीनता से सोनाहातू बाजारटांड़ में बनी जलमीनार पांच माह से बंद पड़ी है.
न्यूज 1. बिजली नहीं, सोनाहातू पूर्वी क्षेत्र में 15 दिनों से जलापूर्ति केंद्र ठप
बिजली नहीं रहने के कारण सोनाहातू पूर्वी का जलापूर्ति केंद्र पिछले 15 दिनों से बंद पड़ा है.
