खूंटीः भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत खूंटी जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में अंतिम तिथि से एक दिन पहले ही 60-खूंटी और 59-तोरपा विधानसभा क्षेत्र के गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण कार्य पूरा कर लिया गया.
जिले में निर्धारित सभी चरणों का समयबद्ध तरीके से सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया. उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने इस उपलब्धि पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) तथा बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं सहित अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. बेहतर समन्वय, सतत निगरानी और समर्पित प्रयासों के कारण तय समय से पहले ही लक्ष्य हासिल किया जा सका.
उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 के अगले चरण में 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका नियमानुसार 3 अक्टूबर तक निस्तारण किया जाएगा. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आगामी चरणों में भी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
