खूंटी: खूंटी समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर बैठक हुई. बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी, समाजसेवी, एनजीओ समेत अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए.
बैठक में उपायुक्त ने रेड क्रॉस सोसाइटी को सक्रिय करते हुए जिले में नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, एनजीओ, सीआरपीएफ समेत विभिन्न संस्थाओं और संगठनों से रक्तदान अभियान में सहयोग करने की अपील की.
ब्लड बैंक को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश
उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके. उन्होंने कहा कि आम लोगों को रक्त की उपलब्धता को लेकर किसी तरह की परेशानी होने पर निर्धारित हेल्पलाइन नंबर 9288132716 पर संपर्क करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये.
उन्होंने जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और नियमित रक्तदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वार्ड पार्षदों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, आम लोगों और जेएसएलपीएस समेत अन्य सहयोगियों को सम्मानित भी किया.
‘रक्तदान के लिए लोगों को करें जागरूक’
उपायुक्त ने कहा कि खून की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है. ऐसे में जिले में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रहे, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और इस पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
