खूंटी. सड़क सुरक्षा माह के तहत गुरुवार को बिरसा कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर काफी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक अखिल नीतीश कुजूर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस वर्ष बड़ी संख्या में लोग सड़क दुर्घटना के शिकार हुए हैं. यह बेहद दुःख का विषय है. अगर यातायात नियमों का पालन कर वाहन चलाया जाये, तो दुर्घटना में कमी ला कर जिंदगी बचायी जा सकती है. वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग करें, ताकि आप सुरक्षित यात्रा कर सकें. जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक ने सड़क सुरक्षा अंतर्गत साइनेज, यातायात नियम, सड़क दुर्घटना के कारणों से बचने के उपाय, मोटरवाहन अधिनियम सहित अन्य विषयों पर जानकारी दी. वहीं छात्रों को ग्राम गाड़ी योजना, राहवीर योजना, गुड समरीटन योजना के विषय में बताया गया. सड़क अभियांत्रिकी विश्लेषक ने हाइवे, ब्लैक्सपॉट, हेलमेट और अन्य सुरक्षात्मक उपकरण के बारे में जानकारी दी. कार्यक्रम में बिरसा कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ सीके भगत, राज कुमार, अनंत राम, जिला परिवहन कार्यालय से संदीप हेमरोम, योगेश कुमार सहित पुलिस कर्मी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
