खूंटीः जिले में स्थित परिसदन भवन में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड के छात्रों की मांग जायज है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी स्पष्ट कहा है कि विद्यार्थियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य का दुर्भाग्य है कि सबसे पहले यहां भाजपा की सरकार बनी और उसी समय से गड़बड़ी शुरू हुई. इसकी सीबीआई जांच भी हुई, लेकिन अब तक उसकी क्लोजर रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है.
बंधु तिर्की ने कहा कि राज्य के छात्रों के साथ अन्याय और धोखा हुआ है. कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के साथ खड़ी है. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पार्टी ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया है. राज्य सरकार मामले की जांच करा रही है. उन्होंने कहा कि 20-22 लोग जेल जा चुके हैं और जेपीएससी के अध्यक्ष भी गिरफ्तार हो चुके हैं. सीआईडी सही दिशा में जांच कर रही है. राज्य सरकार छात्रों के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगी.
ये भी पढ़ें- बंद पड़ी पेयजल सुविधा पर डीडीसी सख्त, जल्द दुरुस्त कर आम लोगों को लाभ देने का निर्देश
उन्होंने कहा कि छात्रों की बहुत सारी मांगों को पूरा कर लिया गया है. बंधु तिर्की ने छात्रों से धैर्य रखने और संवाद के माध्यम से अपनी बात रखने की अपील की. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को हाईजैक कर उन्हें उत्तेजित करने का काम कर रही है. उन्होंने छात्रों से भाजपा के बहकावे में नहीं आने की अपील की.
लाठीचार्ज के संबंध में पूछे जाने पर बंधु तिर्की ने कहा कि हल्का-फुल्का लाठीचार्ज हुआ है. प्रशासन ने बहुत धैर्य के साथ काम किया है. मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गोप, मार्शल बारला, विलसन तोपनो, बंसत सुरीन, बिनसाय मुंडा, पांडेया मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे.
