खूंटी. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने और विवरण में सुधार के लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ा दी गयी है. उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मो जावेद हुसैन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम जोड़ने या सुधार के लिए 30 सितंबर तक अपने बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का यह अतिरिक्त और अंतिम अवसर है. फॉर्म-7 के माध्यम से नाम विलोपन तथा फॉर्म-8 से नाम, पता और अन्य विवरण में सुधार एवं स्थानांतरण के लिए आवेदन किया जा सकता है.
1.32 लाख मतदाताओं को भेजा गया नोटिस
SIR के तहत मतदाता सूची में विसंगति, अनमैप्ड सहित अन्य त्रुटियों को लेकर जिले के 1,32,164 मतदाताओं को नोटिस भेजा गया है. इनमें तोरपा विधानसभा क्षेत्र के 60,471 और खूंटी विधानसभा क्षेत्र के 71,693 मतदाता शामिल हैं.
नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के दावे और आपत्तियों पर कैंप लगाकर सुनवाई की जा रही है. इसके लिए जिले में दो ईआरओ, छह एईआरओ और सात अतिरिक्त एईआरओ को लगाया गया है. प्रतिदिन 15 शिविर आयोजित कर दावे और आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है.
राजनीतिक दलों और बीएलए से सहयोग की अपील
उपायुक्त ने सभी मतदाताओं, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बीएलए, बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मियों से अपने क्षेत्र के पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और आवश्यक सुधार के लिए आवेदन करने में सहयोग करने की अपील की.
