खूंटी : पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान लंबित रहने को लेकर सोमवार को नर्सिंग की छात्राओं ने खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा को ज्ञापन सौंपा. छात्राओं ने शीघ्र छात्रवृति की राशि उपलब्ध कराने का मांग किया. छात्राओं ने बताया कि कल्याण विभाग की ओर से छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने के कारण वे कॉलेज की फीस जमा नहीं कर पा रही हैं. इसके चलते परीक्षा फॉर्म भरने और अगले शैक्षणिक सत्र में नामांकन पर भी संकट उत्पन्न हो गया है.
छात्राओं ने छात्रवृत्ति मिलने तक राज्य सरकार सभी शिक्षण संस्थानों को एसटी, एससी एवं ओबीसी विद्यार्थियों से फीस लिए बिना परीक्षा फॉर्म भरने और नामांकन की अनुमति देने का निर्देश देने का मांग किया. विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई आर्थिक कारणों से बाधित नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने इस मुद्दे को संबंधित मंत्री और विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्राथमिकता के साथ उठाने का आश्वासन दिया. विधायक ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव पहल की जाएगी.
