खूंटी में शांतिपूर्ण तरीके से हुआ मतदान

खूंटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर सोमवार को मतदान किया गया.

खूंटी. खूंटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर सोमवार को मतदान किया गया. बड़ी संख्या में शहर के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. नगर की सरकार चुनने के लिए शहरवासियों ने अपने अधिकार का प्रयोग किया. नगर पंचायत चुनाव को लेकर शहर के मतदाता सुबह होते ही अपने-अपने मतदान केंद्र पहुंचने लगे थे. सुबह के सात बजते ही मतदान शुरू कर दिया गया. जिसके बाद एक-एक कर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सुबह में बहुत बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए पहुंचे थे. जिसके कारण लंबी कतार लग गयी. कुछ देर बाद मतदाताओं की संख्या में कमी आयी. हालांकि दोपहर में दिन की गर्मी के बावजूद लोग डटे रहे. देर शाम तक मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचते रहे. मतदान को लेकर शहर के सभी मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशी और उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही. मतदाताओं को रिझाने की अंतिम कोशिश भी करते रहे. मतदान को लेकर सभी मतदान केंद्र में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे. बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण कई जगहों पर धीमी गति से मतदान हुई. वहीं महादेव टोली में मतदाताओं की अधिक भीड़ थी. संकरी गली में मतदान केंद्र होने के कारण काफी परेशानी हुई. खबर लिखे जाने तक कहीं से भी अप्रिय घटना होने की सूचना नहीं मिली थी.

उपायुक्त और एसपी ने किया निरीक्षण

नगर पंचायत चुनाव का उपायुक्त आर रॉनिटा और एसपी मनीष टोप्पो ने निरीक्षण किया. उन्होंने शहर के वार्ड संख्या 19 में राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, वार्ड संख्या 18 में सामुदायिक भवन टंगरा टोली सहित अन्य मतदान केंद्र का निरीक्षण किया. उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कतारबद्ध कर मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दें. उपायुक्त और एसपी ने मतदान केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का भी जायजा लिया. अधिकारियों को सतर्क रह कर अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का निर्देश दिया. उपायुक्त आर रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने समाहरणालय में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया. उन्होंने पूरे शहर की चुनाव प्रक्रिया की जानकारी ली. वहीं समय पर मतदान प्रतिशत की रिपोर्टिंग करने के लिए कहा. नगर निकाय चुनाव की सामान्य प्रेक्षक रश्मी लकड़ा ने भी विभिन्न मतदान केंद्र का निरीक्षण किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By CHANDAN KUMAR

CHANDAN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >