खूंटी. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शनिवार को डालसा सभागार में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) कार्यशाला हुई. मुख्य अतिथि एमएसीटी पीठासीन पदाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने कार्यशाला का शुभारंभ किया.
उन्होंने लक्षित समूह के बीच सुप्रीम कोर्ट के 15 दिसंबर 2022 के गोहर मोहम्मद बनाम उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम मामले के फैसले की प्रति वितरित की. उन्होंने प्रथम, अंतरिम और विस्तृत दुर्घटना प्रतिवेदन समय पर भेजने पर जोर दिया. कहा कि अनुसंधान पदाधिकारी दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा दिलाने में सुविधा प्रदाता की भूमिका निभायें.
बीमा कंपनियों की भूमिका, मध्यस्थता से समझौते और दुर्घटना स्थल के निरीक्षण समेत समुचित अनुसंधान की जानकारी दी गयी. कार्यशाला को चीफ एलएसडीसी राजीव कमल, सीजेएम विद्यावती कुमारी, एडीजे-3 प्राची मिश्र और एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने भी संबोधित किया. मौके पर सभी थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, डालसा कर्मी और पीएलवी मौजूद थे. नौ बीमा कंपनियां वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़ीं.
