खूंटी में पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर अपराधियों ने छोड़ा PLFI के नाम का पर्चा, दो दिनों में 10 लाख रंगदारी की मांग

खूंटी में पेट्रोल पंप पर बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग की और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है.

खूंटी: भगत सिंह चौक स्थित अमित साहू के पेट्रोल पंप पर बुधवार की रात बाइक सवार दो अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी. चेहरे पर कपड़ा बांधे दोनों अपराधी एक गोली चलाने के बाद मौके पर कथित रूप से पीएलएफआई के नाम का पर्चा छोड़कर फरार हो गये.

पर्चे में पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू से दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी है. रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गयी है. घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक खोखा और पर्चा बरामद किया है.

साढ़े नौ बजे पेट्रोल पंप पहुंचे थे अपराधी

घटना बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे की है. उस समय पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू पंप पर मौजूद नहीं थे. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पेट्रोल पंप पहुंचे. दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे.

पंप पर पहुंचने के बाद एक अपराधी ने गोली चलायी. इसके बाद दोनों कथित पर्चा छोड़कर बाइक से तोरपा रोड की ओर फरार हो गये. गोली चलने के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच की

फायरिंग की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ मंगल सिंह जमुदा और खूंटी सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने पेट्रोल पंप की जांच की. इस दौरान मौके से एक खोखा बरामद किया गया. साथ ही कथित रूप से पीएलएफआई के नाम से जारी एक पर्चा भी मिला.

पर्चा कथित जोनल कमांडर राजेश यादव के नाम से जारी बताया जा रहा है. पुलिस पर्चे की सत्यता और इसके पीछे शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

पहले भी मिल चुकी है धमकी

पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू ने पुलिस को बताया कि उन्हें कथित जोनल कमांडर की ओर से पहले भी दो-तीन बार धमकी दी जा चुकी है. उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि कुछ वर्ष पूर्व परवल स्थित उनके घर पर हमला किया गया था. पूर्व में मिली धमकियों और हमले की घटना को देखते हुए पुलिस वर्तमान मामले को गंभीरता से ले रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है. फुटेज में दो युवक बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. दोनों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है. वारदात के बाद दोनों बाइक से तोरपा रोड की ओर जाते दिख रहे हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.

व्यवसायियों में बढ़ी चिंता

शहर के प्रमुख चौक पर स्थित पेट्रोल पंप पर फायरिंग और रंगदारी की धमकी से व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.

थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने पेट्रोल पंप पर एक गोली चलने की पुष्टि की है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार खूंटी के ब्यूरो प्रभारी हैं और उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने वर्ष 2010 में खूंटी से पत्रकारिता की शुरुआत की और वर्ष 2017 में प्रभात खबर से जुड़े. लंबे समय से खूंटी जिले में सक्रिय पत्रकारिता के कारण उन्हें जिले के सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक मामलों की गहरी समझ और मजबूत पकड़ है.

चंदन कुमार नक्सली घटनाओं, आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों, राजनीतिक गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और जिला प्रशासन की गतिविधियों सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से कवर करते हैं. क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को सामने लाने और आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देने वाली उनकी पत्रकारिता उनकी खास पहचान है.

खूंटी की स्थानीय परिस्थितियों और संवेदनशील मुद्दों की समझ के साथ वे तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >