खूंटी: तोरपा क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक सुदीप गुड़िया के नेतृत्व में जिप सदस्य सुशांति कोनगाड़ी तथा दियांकेल पंचायत की मुखिया शिशिर तोपनो ने मंगलवार को विधानसभा परिसर स्थित कक्ष में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात की.
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी समस्याओं, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं तथा पशुपालकों के समक्ष आ रही परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया. विधायक ने किसानों और पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया.
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था काफी हद तक कृषि और पशुपालन पर निर्भर है. ऐसे में किसानों और पशुपालकों को समय पर सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिलना जरूरी है.
ये भी पढ़ें- शॉर्ट सर्किट से सीसीएलकर्मी के घर में लगी भीषण आग, 20-22 लाख की संपत्ति जली
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खूंटी के जिला पशुपालन पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क किया और आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए.
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान और पशुपालकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और संबंधित विभाग के स्तर पर हरसंभव पहल की जाएगी.
ये भी पढ़ें- बंद पड़ी पेयजल सुविधा पर डीडीसी सख्त, जल्द दुरुस्त कर आम लोगों को लाभ देने का निर्देश
