खूंटी. शहर में दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गयी हैं. भगत सिंह चौक में दुर्गा पूजा समिति की ओर से एक भव्य काल्पनिक पंडाल बनाया जा रहा है. पंडाल को आकार देने के लिए बंगाल के कांटई से 22 कारीगर करीब दो माह पूर्व खूंटी पहुंचे हैं. दिन-रात मेहनत कर कारीगर पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने में जुटे हैं.
पंडाल और पूजा आयोजन पर खर्च होंगे 20 लाख
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रुपेश जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को विशेष रूप देने का प्रयास किया जा रहा है. पंडाल निर्माण और पूजा आयोजन में करीब 20 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है.
उन्होंने बताया कि पंडाल के ढांचे का निर्माण करीब एक माह पूर्व शुरू किया गया था. ढांचा तैयार करने के काम में 12 कारीगर लगे हुए हैं. इसके बाद पंडाल को अंतिम रूप देने का काम युद्धस्तर पर जारी है.
2 क्विंटल रुद्राक्ष से तैयार होगी मां दुर्गा की प्रतिमा
भगत सिंह चौक की दुर्गापूजा का सबसे बड़ा आकर्षण मां दुर्गा की प्रतिमा होगी. समिति के अनुसार प्रतिमा को पारंपरिक मिट्टी के साथ रुद्राक्ष से तैयार किया जा रहा है. प्रतिमा में करीब दो क्विंटल रुद्राक्ष का इस्तेमाल किया जा रहा है. रुद्राक्ष कोलकाता से मंगाया गया है. इस पर करीब तीन लाख रुपये खर्च आयेगा.
चंदन नगर के कारीगर करेंगे विद्युत सज्जा
पंडाल के साथ विद्युत सज्जा को भी विशेष रूप दिया जा रहा है. इसके लिए कोलकाता के चंदन नगर के कारीगरों की विद्युत सज्जा और स्थानीय चौरसिया डेकोरेटर की टीम की मदद ली जायेगी. आकर्षक रोशनी और सजावट से भगत सिंह चौक को नया रूप देने की तैयारी है.
पंचमी को होगा पंडाल का उद्घाटन
पूजा समिति के अध्यक्ष रूपेश जायसवाल ने बताया कि पूजा पंडाल का उद्घाटन दुर्गा पूजा की पंचमी के दिन किया जायेगा. इसके बाद श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे. समिति की ओर से पूजा को लेकर अन्य तैयारियां भी साथ-साथ पूरी की जा रही हैं.
अष्टमी को होगी गंगा आरती
अष्टमी के दिन पूजा समिति की ओर से विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जायेगा. मां दुर्गा की आरती के साथ गंगा आरती का आयोजन होगा. पूजा के दौरान भगत सिंह चौक में श्रद्धालुओं को भक्तिमय माहौल देने की तैयारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: रांची में स्वच्छता अभियान: सड़क किनारे से हटाया कचरे का ढेर, अब खुले में कचरा फेंका तो लगेगा ₹2 हजार जुर्माना
