खूंटी : समाहरणालय सभागार में सोमवार को सांसद कालीचरण मुंडा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक की गयी. बैठक में सांसद ने जिले में संचालित योजनाओं की एक-एक कर समीक्षा की.
वनोपज और रोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने का निर्देश
सांसद ने सेमियालता, लेमन ग्रास और अन्य वनोपज आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने, रैयतों को समय पर उचित मुआवजा देने, नल-जल योजना और चापाकलों की मरम्मती, तोरपा में पेयजल समस्या के समाधान, नहर-बैराज की साफ-सफाई तथा चेक डैम निर्माण के लिए स्थल चयन करने का निर्देश दिया. सांसद ने अड़की के राजा बांध का जीर्णोद्धार करने के लिए कहा.
बिजली व्यवस्था सुधारने पर जोर
उन्होंने जिले में खराब ट्रांसफार्मर और जर्जर तारों की मरम्मती तथा छूटे टोलों में विद्युतीकरण करने का निर्देश दिया. किसानों को बीज-खाद उपलब्ध कराने और दुकानों में रेट चार्ट प्रदर्शित करने को कहा.
जर्जर स्कूल भवनों की होगी मरम्मती
सांसद ने जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मती करने और चाहरदीवारी बनाने के लिए कहा. पंचायत सचिवालयों को क्रियाशील रखने, पंचायत स्तर पर प्रमाण पत्र और पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान करने का भी निर्देश दिया.
अस्पतालों में नियमित उपस्थिति का निर्देश
अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति, विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच, मलेरिया जांच, सर्पदंश उपचार तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर का बेहतर संचालन करने के लिए कहा गया.
सड़क सुरक्षा और राजस्व मामलों पर भी जोर
सांसद ने स्कूलों के पास स्पीड ब्रेकर लगाने, सड़क किनारे गड्ढों की मरम्मती, दाखिल-खारिज सहित राजस्व मामलों का समय पर निष्पादन करने के लिए कहा. बैठक में स्टेडियम निर्माण और मरम्मती, सरना-मसना और कब्रिस्तान घेराबंदी, शहर की साफ-सफाई तथा नाली व्यवस्था, सड़क सुरक्षा एवं अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
अधिकारियों को निर्देशों का पालन करने को कहा
बैठक में उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने अधिकारियों को निर्देश और सुझावों का पालन करने का निर्देश दिया. मौके पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
