खूंटी. खूंटी जिला गठन के 19 वर्ष पूरे हो जायेंगे. 12 सितंबर 2007 को रांची से अलग होकर खूंटी जिला अस्तित्व में आया था. पूर्व में जिला स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं. हालांकि लंबे समय से जिला स्थापना दिवस पर कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया है. इस बार जिला स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.
बैडमिंटन और हॉकी मैच का आयोजन
जिला स्थापना दिवस के अवसर पर खूंटी में बैडमिंटन खेल का आयोजन किया जायेगा. इसके अलावा डे बोर्डिंग और आवासीय सेंटर के खिलाड़ियों के बीच हॉकी मैच भी आयोजित किया जायेगा.
एक करोड़ 39 लाख की लागत से बना इंडोर स्टेडियम
जिला स्थापना दिवस के अवसर पर खूंटी में बने इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का उद्घाटन किया जायेगा. इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का निर्माण एक करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से किया गया है. स्टेडियम में उच्च गुणवत्ता वाले दो सिंथेटिक बैडमिंटन कोर्ट बनाये गये हैं, जहां खिलाड़ी अभ्यास के साथ-साथ मैच भी खेल सकेंगे.
स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं. इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन सांसद कालीचरण मुंडा और विधायक राम सूर्या मुंडा करेंगे. इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी सहित जिला प्रशासन की टीम उपस्थित रहेगी.
