तोरपा. खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तोरपा प्रखंड मुख्यालय और धरना प्रदर्शन किया. इस अवसर पर विधायक सुदीप गुड़िया एवं जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर गरजे.
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार नहीं चाहती है कि राज्य का विकास हो, इसलिए खान एवं खनिज संशोधन विधेयक लाकर केंद्र सरकार राज्य की कल्याणकारी योजनाओं से यहां के लोगों को वंचित करना चाहती है.
उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार यह विधेयक वापस नहीं लेती है तो हमलोग हर स्तर पर आंदोलन करेंगे. जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि केंद्र सरकार यहां की माटी, जल, जंगल तथा खनिज पर कब्ज़ा करना चाहती है. झामुमो कार्यकर्त्ता इसके खिलाफ लड़ाई लड़ने को तैयार हैं. लड़कर झारखण्ड अलग राज्य लिया है.
अब लड़कर अपना अधिकार लेंगे. धरना समाप्ति के बाद अपनी मांगो से सम्बंधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा गया. धरना में जिप सदस्य सुशांति कोनगाड़ी, झामुमो युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमृत हेमरोम, प्रमुख रोहित सुरीन,प्रदीप केशरी, मोजीर अंसारी, शिशिर तोपनो, जयदीप तोपनो, जेन्स आईंद, फिरोज खान, सुहैल खान आदि उपस्थित थे. संचालन विश गुड़िया तथा विश्वासी हेमरोम ने किया.