कानून व्यवस्था पर BJP का हमला: '8000 दुष्कर्म और सिर्फ 20% को सजा', झारखंड में आदिवासी बहनें असुरक्षित

Jharkhand BJP: खूंटी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव ने हेमंत सरकार की विफलताओं का कच्चा चिट्ठा खोला. शाहदेव ने झारखंड में 4500 बच्चों के लापता होने और बड़े पैमाने पर हो रही मानव तस्करी पर चिंता जताई.उन्होंने खराब कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 6 वर्षों में 8000 दुष्कर्म की घटनाएं हुईं, जिनमें सजा की दर बेहद कम है.

खूंटी, (चंदन कुमार): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल नाथ शहदेव ने बुधवार को खूंटी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में बच्चा चोरी एक बहुत बड़ी समस्या बन चुकी है. चोरी के मामलों में बच्चों की रिकवरी नहीं हो पा रही है. इस बात की पुष्टि खुद आंकड़े कर रहे हैं. मौजूदा सरकार के कार्यकाल में करीब 4500 बच्चे गुमशुदा हैं और राज्य में बड़े पैमाने पर मानव तस्करी हो रही है.

झारखंड की कानून व्यवस्था बेहद खराब: प्रतुल नाथ शाहदेव

प्रतुल नाथ शहदेव ने कहा कि झारखंड पुलिस बच्चों की बरामदगी पर ध्यान देने के बजाय अन्य कार्यों में अधिक व्यस्त है. इससे राज्य की विधि-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गयी है. उन्होंने दावा किया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में आठ हजार से अधिक दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं, जिनमें मात्र 20 प्रतिशत मामलों में ही सजा हो सकी है. पीड़ितों में अधिकांश संख्या आदिवासी महिलाओं की है, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है.

बीजेपी बोली झारखंड में धर्मांतरण बड़ा मुद्दा

बीजेपी के प्रवक्ता ने सरकार पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में करीब दस हजार करोड़ रुपये का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है. सीएजी की कड़ी रिपोर्ट के बावजूद सरकार गंभीर नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड में धर्मांतरण एक बड़ा मुद्दा बन गया है और खूंटी जिला सॉफ्ट टारगेट बनता जा रहा है. इसके खिलाफ भाजपा लगातार आवाज उठाती रहेगी. बालू चोरी को भी उन्होंने जिले की बड़ी समस्या बताया.

Also Read: झारखंड आंदोलनकारी की पोती अभिज्ञा ने लहराया परचम, बीकॉम टैक्सेशन में जीता ‘गोल्ड मेडल’

प्रदेश प्रवक्ता का दावा झारखंड को हुआ 2100 करोड़ का नुकसान

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सरकार नगर निकाय चुनाव नहीं कराना चाहती थी. तीन वर्षों तक चुनाव नहीं होने से राज्य को करीब 2100 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राष्ट्रवादी शक्तियों को मजबूत करना है. इसलिए खूंटी में रानी टूटी के विजयी होने से सकारात्मक पहल होगी.

जिले में खत्म हो चुके हैं बालू और पत्थर : कोचे मुंडा

इस अवसर पर खूंटी के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि जिले में बालू और पत्थर खत्म हो चुके हैं और विकास कहीं नजर नहीं आ रहा है. केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि का भी राज्य सरकार सही तरीके से उपयोग नहीं कर पा रही है. उन्होंने कहा कि अदालत के हस्तक्षेप के बाद ही सरकार नगर निकाय चुनाव कराने के लिए मजबूर हुई.

खूंटी में विदेशी शक्तियों का काम राजनीति करना : भाजपा जिलाध्यक्ष

भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि खूंटी में विदेशी शक्तियों का काम अब राजनीति करना रह गया है. भाजपा राष्ट्रवाद को केंद्र में रखकर काम कर रही है और विचारधारा से मेल खाने वाले प्रत्याशियों को समर्थन दिया गया है. प्रेस कांफ्रेंस में निखिल कंडुलना, कृष्णानंद तिवारी, लव चौधरी, अनूप साहू सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Also Read: सरायकेला में आदिवासियों ने फूंका जंगल बचाने का बिगुल, आग और कटाई के खिलाफ कड़े नियम पारित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >