खूंटी. सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में शुक्रवार को विशेष स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर बैठक की गयी. बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ ललित रंजन पाठक ने की. बैठक में ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा सहिया की भूमिका को मजबूत करने पर चर्चा हुई.
नजदीक ही मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
सिविल सर्जन ने कहा कि विशेष स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीक बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है. इसके लिए केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं की नियमित निगरानी आवश्यक है.
गर्भवती और नवजात की पहचान में सहिया की अहम भूमिका
उन्होंने कहा कि सहिया ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. वे गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ नवजात शिशुओं की पहचान कर उन्हें समय पर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं.
जांच, दवा और उपचार की सुविधा सुगम बनाने पर जोर
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को जांच, परामर्श, दवा और उपचार की सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हों. इसके लिए सभी स्वास्थ्यकर्मी आपसी समन्वय से कार्य करें. साथ ही, लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें.
बैठक में यूनिसेफ की जिला प्रतिनिधि अन्नपूर्णा देवी, डीपीसी डॉ. उदयन शर्मा, डीडीएम श्वेता सिंह, किरण देवी सहित अन्य उपस्थित थे.
