उलिहातू से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Vice President Ranchi Visit: झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को प्रतिष्ठित आईआईएम रांची का 15वां दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रांची पहुंच चुके हैं. उनके साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी इस समारोह में भाग लेने पहुंचे हैं. रांची पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति सबसे पहले खूंटी जिले के ऐतिहासिक गांव उलिहातू गए, जो भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली है. यहां उन्होंने बिरसा मुंडा के वंशजों से आत्मीय बातचीत की और बच्चों को चॉकलेट वितरित कर स्नेह जताया. इस दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. उपराष्ट्रपति ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
राजभवन में विश्राम के बाद समारोह में होंगे शामिल
उलिहातू दौरे के बाद उपराष्ट्रपति रांची लौटकर राजभवन पहुंचेंगे, जहां वे लंच करेंगे. इसके बाद वे आईआईएम रांची के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम के समापन के बाद वे शाम को दिल्ली वापस लौट जाएंगे.
दो सत्रों में दीक्षांत समारोह
आईआईएम रांची का 15वां दीक्षांत समारोह दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा. पहला सत्र दोपहर तीन बजे से संस्थान परिसर में शुरू होगा. इस अवसर पर उपराष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे मेडल और सम्मान
दीक्षांत समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति विभिन्न कार्यक्रमों के सात मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और उपाधि प्रदान करेंगे. इनमें सत्र 2024-26 के एमबीए, एमबीए-बीए, एमबीए-एचआरएम, एमबीए-एग्जीक्यूटिव (समर) और एमबीए-एग्जीक्यूटिव (विंटर) के टॉपर्स शामिल हैं. इसके अलावा, दो छात्रों को स्टूडेंट सिटीजनशिप अवॉर्ड और प्रो आशीष हाजेला अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जाएगा.
वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का होगा शुभारंभ
इस खास अवसर पर उपराष्ट्रपति संस्थान द्वारा विकसित देश के पहले बी-स्कूल वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का भी शुभारंभ करेंगे. यह पहल प्रबंधन शिक्षा में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: खरसावां में ब्रह्मकुमारों का सामूहिक उपनयन संस्कार, बासंती मंदिर में समारोह
558 विद्यार्थियों को दी जाएगी डिग्री
इस वर्ष आईआईएम रांची के दीक्षांत समारोह में कुल 558 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी. यह समारोह छात्रों के लिए उनके शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां उन्हें उनके परिश्रम और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: उप राष्ट्रपति 28 मार्च को उलिहातू आ सकते हैं
