कर्रा. जरियागढ़ थाना क्षेत्र के इड्डे गांव स्थित पलाश पतरा में बुधवार रात से गुरुवार रात तक 12 जंगली हाथियों का झुंड विचरण करता रहा. हाथियों को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. दिनभर मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही. हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में उत्सुकता के साथ भय का माहौल भी बना रहा.
दक्षिणी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य जोरांग आईंद ने ग्रामीणों से हाथियों से दूरी बनाये रखने और उनके आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं डालने की अपील की. उन्होंने वन क्षेत्र पदाधिकारी से हाथी प्रभावित इलाकों में निगरानी और सुरक्षा के लिए पटाखे व लाइट उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
वनकर्मियों ने लोगों को किया सतर्क
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जरिया और गिरगा वन क्षेत्र के फॉरेस्टर मौके पर पहुंचे. वनकर्मियों ने ग्रामीणों और हाथियों को देखने पहुंचे लोगों को किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने और सुरक्षित दूरी बनाये रखने की सलाह दी.
वन विभाग की टीम हाथियों के आवागमन पर लगातार नजर रख रही है. ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और हाथियों के नजदीक नहीं जाने की हिदायत दी गयी है.
