खूंटी. मुरहू के जाते सब बीट अंतर्गत कैसल गांव में अवैध रूप से संचालित चिरान स्थल का वन विभाग ने खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मंगलवार को यहां छापेमारी की. इस दौरान टीम ने देसी जुगाड़ तकनीक से लकड़ी चीरने के लिए तैयार की गयी मशीन को जब्त किया. मौके से कुछ बोटा और काफी संख्या में चीरान की गयी लकड़ी भी बरामद हुई.
दो-तीन दिन पहले ही लगायी गयी थी मशीन
छापेमारी के बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की. ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, चिरान के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीन को दो-तीन दिन पहले ही वहां स्थापित किया गया था. वन विभाग अब मशीन लगाने और अवैध चिरान स्थल संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान में जुटा है.
वन विभाग की टीम ने की छापेमारी
छापामारी दल में प्रभारी वनपाल प्रवीण कुमार सिंह, अजय होरो, रंदास होरो, अनिल सोय, रोशन महतो और होमगार्ड के जवान शामिल थे.
