खूंटी : अंगराबारी स्थित आम्रेश्वर धाम में रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. श्रद्धालुओं ने आम्रेश्वर धाम में पूजा-अर्चना किया. रविवार को सुबह से ही पूजा करने के लिए भक्त पहुंचने लगे थे. सुबह से ही भक्तों का रेला लगा रहा. लोग लंबी कतारों में कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे.
80 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार के अनुसार रविवार को लगभग 80 हजार लोगों ने जलाभिषेक किया. भक्तों की भीड़ इतनी अधिक थी कि देर शाम तक लोग जलार्पण करते रहे. उन्होंने कहा कि खूंटी के साथ-साथ आसपास के जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. वहीं बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के श्रद्धालु भी पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना करने पहुंच रहे हैं.
अंतिम सोमवारी पर उमड़ेगी भीड़
सोमवार को सावन महीने का अंतिम सोमवारी है. अंतिम सोमवारी को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. अंतिम सोमवारी को लेकर रविवार को ही बड़ी संख्या में भक्त पहुंच गये थे. जानकारी के अनुसार अंतिम सोमवारी को लेकर रविवार की शाम को ओड़िसा, कोलेबिरा, सिमडेगा, गुमला, बेड़ो, भरनो सहित विभिन्न स्थानों से 15 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच गये थे. जो सोमवार को बनई नदी से जल लेकर आम्रेश्वर धाम में जलार्पण करेंगे. अंतिम सोमवारी को लगभग एक लाख लोगों द्वारा जलार्पण किये जाने की उम्मीद की जा रही है.
अंतिम सोमवारी को लेकर तैयारी पूरी
बाबा आम्रेश्वर धाम में अंतिम सोमवारी को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. अंतिम सोमवारी को होने वाली भीड़ को देखते हुए बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को ड्यूटी पर लगाया गया है. वहीं जिला प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी तथा पुलिस बल भी तैनात किये गये हैं. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का ध्यान रखा गया है.
