खूंटी. समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिलास्तरीय पुनरीक्षण समिति और जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई. बैठक में जून 2026 तिमाही के सीडी रेशियो समेत विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी.
उपायुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, गैर निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज की जानकारी ली.
उन्होंने बैंकों को सीडी रेशियो बढाने का निर्देश दिया. साथ ही जरूरतमंद लाभुकों को विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए कहा. उपायुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि पात्र किसानों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके.
महिला स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण से जोडने और क्रेडिट लिंकेज में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से स्वरोजगार और छोटे कारोबार से जुडे पात्र लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक पहल करने को कहा गया.
बैठक में संबंधित बैंक अधिकारियों और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी. उपायुक्त ने बैंक और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
