खूंटी. सायको थाना क्षेत्र के सायको में 17 मई को हुए डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार की है. गिरफ्तार आरोपियों में जिउरी बड़काटोली निवासी सुम्बर सिंह मानकी, सायको निवासी गोमेया सोय और बुधराम सोय शामिल है. पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त टांगी सहित अन्य सामान को बरामद कर ली है. इसकी जानकारी एसपी ऋषभ गर्ग ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि 17 मई को सायको में आयोजित छउ नृत्य देखने के लिए जिउरी बड़काटोली निवासी विशु पहान और सुमी मुंडू गये थे. वहां अपराधियों ने धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी. जिसके बाद शव को मारहा बुरू जंगल से बरामद किया गया था. एसपी ने बताया कि सुम्बर सिंह मानकी काम से बाहर गया था. बाहर जाने से पूर्व उसने अपने दोस्त विशु से अपनी पत्नी का ख्याल रखने के लिए कहा था. उसके बाहर जाते ही सुंबर की पत्नी का किसी अन्य युवक के साथ संबंध हो गया. विशु ने इस बात की जानकारी सुम्बर सिंह मानकी को नहीं दी थी. इसी बात से गुस्साये सुंबर सिंह ने आवेश में आकर सायको में छऊ मेला के दौरान अपने साथियों के साथ मिल कर हत्याकांड को अंजाम दिया. इस दौरान विशु का बचाव कर रही सुमी को भी उन्होंने मौत के घाट उतार दिया. छापेमारी अभियान में एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा, इंस्पेक्टर फ्रांसिस जेवियर बाड़ा, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय, सअनि पितरूस बाड़ा और सशस्त्र बल शामिल थे.
डबल मर्डर केस का उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार
सायको थाना क्षेत्र के सायको में 17 मई को हुए डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर लिया है.
