खूंटी: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत एन्यूमरेशन फेज की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी गई.
उपायुक्त ने बताया कि 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की तीसरी एवं अंतिम बैठक होगी. इस दौरान चुनाव पाठशाला का भी आयोजन किया जाएगा. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और मतदाताओं को भी बैठक में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया.
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लिकेट मतदाताओं की सूची का बीएलओ और बीएलए-2 के माध्यम से सत्यापन कर अंतिम रूप दिया जाएगा. इसके बाद पांच अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) का प्रकाशन किया जाएगा.
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से भरे एवं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म समय पर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
