खूंटी. समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में नार्को को-ऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक हुई. बैठक में जिले में अवैध अफीम की खेती समेत अन्य मादक पदार्थों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर समीक्षा की गयी.
उपायुक्त ने थाना प्रभारियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और निगरानी करने तथा पूर्व में नष्ट की गई अफीम की खेती वाले क्षेत्रों की लगातार जांच करने को कहा.
स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया. अफीम प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को वैकल्पिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने तथा अफीम, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया. अवैध शराब निर्माण व बिक्री रोकने और मेडिकल स्टोर के बाहर सीसीटीवी लगाने को भी कहा गया.
