खूंटी : आदिवासी सेंगेल अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद सालखन मुरमू ने कहा कि राज्य सरकार जनता की भावना के विपरीत झारखंड को बेचने पर अमादा है. 16-17 फरवरी को सरकार द्वारा रांची में ग्लोबल सम्मिट का आयोजन जनता के साथ मजाक है.
उक्त कार्यक्रम कर सरकार झारखंड की जनता की जमीन पर पूंजीपतियों को बसाने का काम कर रही है. मुरमू शुक्रवार को पत्रकार सम्मेलन में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन के लिए राज्य के आदिवासी विधायक दोषी हैं. अगर सभी 28 आदिवासी विधायक इस्तीफा दे दें, तो जनता की भावनाओं की रक्षा होगी. सालखन ने कहा कि पार्टी द्वारा सात फरवरी को खूंटी में समाधान जनसभा व 14 फरवरी को राजभवन के समक्ष धरना दिया जायेगा. पत्रकार सम्मेलन में दामु मुंडा, दुर्गावती ऑड़ेया, भोला पाहन, मार्शल बारला, जेम्स नाग, मानसिंह तिरू आदि मौजूद थे.
