खलारी : वाराणसी-बरकाकाना पैसेंजर से गिर कर एक महिला की मौत हो गयी. घटना रविवार रात नौ बजे की है. बीडीएम पैसेंजर खलारी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर आकर रूकने ही वाली थी कि एक अधेड़ महिला डिब्बे से नीचे गिर गयी. महिला का बायां हाथ पटरी के बीच चला गया और कट गया. लोग उसे उठा कर प्लेटफॉर्म एक पर ले आये. हाथ कटने के कारण लगातार खून बहता जा रहा था.
पूछने पर भी वह अपना पता नहीं बता सकी. चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण काफी खून बह गया और महिला की मौत हो गयी. संबंधित विभाग को सूचना दे दी गयी है.
औपचारिकता पूरी होते-होते काफी देर हो गयी. सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे शव को बरकाकाना ले जाया गया. करीब 15 घंटे तक शव खलारी स्टेशन पर ही पड़ा रहा. समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी. मृतक महिला मैरून रंग की साड़ी और हरा ब्लाउज पहने थी.
