खूंटी : माओवादी बंद का मंगलवार को दूसरे दिन भी खूंटी जिला में व्यापक असर देखा गया. लगातार दो दिन बंद रहने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वे शहर नहीं पहुंच सके.
वहीं रोज कमाने-खानेवाले व दिहाड़ी मजदूरों को मायूस देखा गया. खूंटी से चाईबासा, तमाड़, सिमडेगा व रांची के बीच कोई यात्री बस नहीं चली. बस स्टैंड पर दिन भर सन्नाटा पसरा रहा. बंद को लेकर खूंटी की सभी दुकानें बंद रही. मेन रोड पर सुबह से ही सन्नाटा पसरा था. सुरक्षा के बाबत पुलिस की गश्ती तेज थी. समाचार लिखे जाने तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी. निकटवर्ती प्रखंडों में भी बंद का व्यापक असर देखा गया.
