खूंटी : जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन माओवादी नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. जिसमें धर्मवीर महतो उर्फ डेमका महतो, अमरजीत मुंडा उर्फ सोमा मुंडा और करम सिंह मुंडा उर्फ सोमा मुंडा शामिल हैं.
पुलिस ने उनके पास से एके 47 की एक, नाइन एमएम की सात पिस्टल, 303 की चार और 315 की तीन गोलियां, एक कट्टा और माओवादियों का बैनर बरामद किया है. एसपी आशुतोष शेखर ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि मारंगहादा पुलिस ने छापेमारी कर थाना क्षेत्र के तिलमा गांव से तीनों से गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि धर्मवीर महतो पूर्व में सोमा पहान की हत्या में शामिल रहा है. इसके अलावा वह कई नक्सली कांड और रंगदारी के मामलों में संलिप्त रहा है. उसके खिलाफ मारंगहादा थाना में कुल तीन मामले दर्ज हैं.
गिरफ्तार तीनों नक्सली माओवादी के बोयदा पहान दस्ते के संपर्क में थे. गिरफ्तारी अभियान में एसडीपीओ आशीष कुमार महली, मारंगहादा इंस्पेक्टर राजेश रजक, थाना प्रभारी कामेश्वर कुमार, पुअनि प्रदीप सावैया, दिगंबर पांडेय, भजनलाल महतो, सअनि अरुण कुमार सिंह, मिथलेश जमादार, मोहन ठाकुर और सशस्त्र बल शामिल थे.
