लोकसभा चुनाव : खूंटी में 65.22 प्रतिशत मतदान हुआ

मतदान को लेकर दिखा गजब का उत्साह, वोट देकर खुश थे युवा खूंटी : लोकतंत्र के महापर्व में खूंटी संसदीय क्षेत्र में काफी उत्साह देखने को मिला. सुबह छह बजे से ही कई मतदान केंद्रों पर लोग पहुंचने लगे थे. जिले में कुल 65.22 प्रतिशत मतदान हुआ. पहले मतदान फिर जलपान को चरितार्थ करने के […]

मतदान को लेकर दिखा गजब का उत्साह, वोट देकर खुश थे युवा
खूंटी : लोकतंत्र के महापर्व में खूंटी संसदीय क्षेत्र में काफी उत्साह देखने को मिला. सुबह छह बजे से ही कई मतदान केंद्रों पर लोग पहुंचने लगे थे. जिले में कुल 65.22 प्रतिशत मतदान हुआ. पहले मतदान फिर जलपान को चरितार्थ करने के लिए लोग उठने के बाद सीधे मतदान केंद्र पहुंचे.
मतदान किया फिर घर लौट कर दूसरे कामों में जुटे. खूंटी के प्रखंड कार्यालय, एसएस प्लस टू हाई स्कूल, लोयोला उच्च विद्यालय, आरसी बालक मध्य विद्यालय में सुबह सात बजे से पहले ही लंबी लाइन लग गयी. महिलाओं में अधिक उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में युवा मतदाता भी मतदान करने पहुंचे थे. पहली बार मतदान करने वाले युवक-युवतियों में खासा उत्साह दिखा. कई लोग अपने पूरे परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे. मतदान करने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर अपलोड किया. कई लोगों ने तो दूसरों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया.
कड़ी धूप के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं था. धूप और तपिश के बावजूद लोग कतारबद्ध होकर अपने बारी का इंतजार करते रहे. मतदान करने के बाद ही वे वापस लौटे. जिले में कुल 25 आदर्श मतदान केंद्र और 12 महिला मतदान केंद्र बनाये गये थे. आदर्श मतदान केंद्रों पर सबसे पहले मतदान करनेवाले मतदाताओं का गुलाब फूल देकर स्वागत किया गया. वहीं पहले 10 मतदाताओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया. वहीं महिला मतदान केंद्रों पर चुनावी कार्य महिला कर्मियों ने संभाल रखी थी.
ग्रामीण क्षेत्रों में था गजब का उत्साह
ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला. खूंटी के बुरूमा गांव में लोग सात बजे से पहले ही लाइन में लग गये थे. दोपहर की कड़ी धूप में मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते रहे. डोलडा में भी कड़ी धूप के बावजूद लोग मतदान कर रहे थे. बुजुर्ग महिलाएं भी मताधिकार का प्रयोग करने से नहीं चुके. कड़ी धूप भी ग्रामीणों के हौसले को कम नहीं होने दिया. नक्सलवाद व पत्थलगड़ी से प्रभावित गांव होने के बाद भी ग्रामीणों ने जमकर मतदान किया.
अड़की के कोचांग में लोगों ने उत्साहित होकर मतदान किया. कोचांग में मतदान केंद्र की जानकारी लोगों को नहीं थी, जिसके कारण उन्हें परेशानी हुई. ज्यादातर मतदाता चर्च परिसर में स्थित स्कूल चले गये. जबकि मतदान केंद्र पुलिस कैंप में बनाया गया था. अड़की के ही तोड़ांग में दिन के दो बजे भी लोग कतार में थे. अड़की मुख्यालय स्थित मतदान केंद्र में ढाई बजे भी लोगों की लंबी कतार लगी रही. यहां लोगों ने चार बजे तक मतदान किया.
बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर की थी व्यवस्था
शहर के मतदान केंद्रों में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गयी थी. मतदान केंद्र पर उन्हें व्हील चेयर में बैठा कर पहुंचाया गया. उनके लिए बैठने की भी व्यवस्था की गयी थी. इसके साथ ही उन्हें पहले मतदान करने का मौका दिया जा रहा था.
बुजुर्ग मतदाताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला. शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बुजुर्गों को मतदान करते देखा गया. कई मतदान केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था की गयी थी, लेकिन वह सिर्फ देखने के लिए थी. सुबह कुछ देर लोगों को पेयजल मिल सका, उसके बाद पानी ही समाप्त हो गया. इसके कारण लोगों को इधर-उधर भटकना भी पड़ा.
सुरक्षा-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध
मतदान कार्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो इसके लिए सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये गये थे. नक्सलवाद और पत्थलगड़ी से प्रभावित गांवों में बड़़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था. अड़की के सुदूरवर्ती गांवों में सीआरपीएफ, बीएसएफ आदि के जवान तैनात किये गये थे. सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में मतदाताओं ने भयमुक्त होकर मतदान किया.
खूंटी : पहली बार मतदान करनेवाले युवा मतदाताओं ने कहा
देश में स्थायी सरकार बने जो युवाओं का करियर बनाये
खूंटी : खूंटी लोकसभा चुनाव में इस बार काफी संख्या में युवाओं ने प्रथम बार मतदान किया. युवा पहली बार मतदान कर काफी खुश थे. प्रभात खबर प्रतिनिधि मनोज जायसवाल ने ऐसे युवाओं से बातचीत की.
सिकत परवीण : खूंटी के लियाकत लेन अलि लेन निवासी सिकत परवीन बिरसा कॉलेज खूंटी की छात्रा है. उनका कहना है कि लोकतंत्र के निर्माण में वोट का बहुत महत्व है. वोट करने का अधिकार मिला है तो वोट क्यों न करूं. सशक्त देश के नवनिर्माण की कामना लेकर मतदान कर रही हूं.
स्नेहा कुमारी : स्थानीय कर्रा रोड निवासी स्नेहा कुमारी ब्रिजफोर्ड स्कूल से इस वर्ष 12वीं की परीक्षा पास की है. वह कहती है कि काफी समय से वोट देने का इंतजार था. देश का नेतृत्व सही हाथों में जाये, देश तरक्की करे, यही सोच कर वोट कर रही हूं.
दीपक साहू : दीपक साहू स्थानीय बिरसा कॉलेज बी कॉम के छात्र हैं. वे कहते हैं कि छात्रों का भविष्य बनाने वाला सरकार केंद्र में बने, यही सोच कर वोट किया हूं.
शुभम साहू : कर्रा रोड निवासी शुभम साहू रांची के मारवाड़ी कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई कर रहे हैं. इनका कहना है कि देश आर्थिक, सामाजिक व सभी दृष्टिकोण से मजबूत बने, यह सोच कर मतदान कर रहा हूं. देश के नवनिर्माण में वोट महत्व रखता है.
निक्की कुमारी : बिरसा कॉलेज खूंटी की छात्रा निक्की कहती है कि केंद्र में सरकार रोजगार देनेवाला व सृजनशीलता को बढ़ावा देनेवाला हो. वोट देना मेरा सबसे बड़ा अधिकार है. जिस दायित्व को मैंने बखूबी निभाया.
निभा कुमारी : बिरसा कॉलेज खूंटी की छात्रा निभा कुमारी कहती है कि केंद्र में स्थिर सरकार बने, तभी देश तरक्की कर सकता है. यही सोच कर मतदान कर रही हूं.
कुमारी श्वेता : बिरसा कॉलेज खूंटी की छात्रा श्वेता कुमारी कहती है कि देश में शिक्षित लोगों को रोजगार नहीं मिलती है. केंद्र में ऐसी सरकार बने जो युवा विद्यार्थियों को रोजगार दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाये, यही सोच कर वोट दे रही हूं.
कई जगह देर से शुरू हुआ मतदान
भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू में देर से मतदान शुरू हुई. उलिहातू के बूथ संख्या 127 में इवीएम खराब होने के कारण मतदान शुरू करने में थोड़ी विलंब हुई. कर्रा के कांटी गांव में बूथ संख्या 71 में भी इवीएम खराब होने के कारण देर से मतदान शुरू हुआ. कर्रा के ही बूथ संख्या 60 में इवीएम खराब होने की शिकायत आयी. यहां एक घंटे के बाद मतदान शुरू हो सका.
वापस लौटे मतदानकर्मी, इवीएम-वीवी पैट सील
खूंटी : खूंटी लोकसभा क्षेत्र में सोमवार को लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया. लोकसभा क्षेत्र के कुल 1705 मतदान केंद्रों पर लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
मिली जानकारी के अनुसार पूरे लोकसभा क्षेत्र में कुल 65.22 प्रतिशत मतदान हुअा. जिला प्रशासन के अनुसार यह आंकड़ा और बढ़ सकता है. इसमें खूंटी विधानसभा क्षेत्र में कुल 63.50 प्रतिशत मतदान हुआ है. लोग मतदान के लिए सुबह से ही घरों से निकल रहे थे. सुबह नौ बजे तक खूंटी विधानसभा क्षेत्र में 12.5 प्रतिशत मतदान हुआ. 11 बजे 27 प्रतिशत, एक बजे 48 प्रतिशत, दोपहर तीन बजे 54.3 प्रतिशत मतदान हुआ.
अभी तक जो आंकड़े मिले हैं उसके अनुसार शाम पांच बजे तक 63.50 प्रतिशत मतदान हुआ है. कहीं से सभी अप्रिय घटना होने की सूचना नहीं मिली है. अड़की और खूंटी के कुछ गांवों से वोट बहिष्कार की खबरें आयी है. वहां काफी कम मात्रा में मतदान हुआ. हालांकि ऐसी किसी बात से जिला प्रशासन ने इनकार किया है. मतदान संपन्न होने के बाद मतदानकर्मी शाम को खूंटी वापस लौटने लगे हैं.
विभिन्न मतदान केंद्रों के मतदानकर्मी और सुरक्षाकर्मी वापस लौट गये. सुदूरवर्ती क्षेत्रों के मतदानकर्मी सात मई को वापस लौटेंगे. मतदानकर्मियों के वापस लौटने के बाद स्थानीय बिरसा काॅलेज में इवीएम-वीवीपैट को सील किया गया और भारी सुरक्षा-व्यवस्था में रखा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >