रनिया : प्रखंड के झारखंड मैदान में बुधवार को युवा जागृति मंच इसाई संघ ऑल चर्चेज के तत्वावधान में वार्षिक क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पेरिस चेयरमैन जोरोंग सुरीन व विशिष्ट अतिथि बिशप जोसेफ संगा ने संयुक्त रूप से कैंडल जला कर व फीता काट कर किया.
कार्यक्रम से पूर्व चर्च के युवा महिला मंडलियों ने अतिथियों का स्वागत भजन गान प्रस्तुत कर शुरुअात की. कार्यक्रम स्थल में क्रिसमस ट्री आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
मुख्य अतिथि पेरिस चेयरमैन जोरोंग सुरीन ने कहा कि ईश्वर दयालु है. इस धरती पर समस्त मनुष्यों पर अपनी करुण कृपा बरसाते हैं.
उन्होंने लोगों से कहा कि समाज की बेहतरी के लिए अपना जीवन को समर्पित करें. विशिष्ट अतिथि बिशप जोसेफ संगा ने कहा कि क्रिसमस जीवन में खुशियां लाता है.
प्रभु यीशु ने हम सबको आशीष दी है ताकि आपसी भाईचारा व सादगी हम लोगों के बीच बनी रहे. क्रिसमस हमें निराशा के बीच आशा कायम रखने का संदेश देता है. उन्होंने कहा कि नये साल को हमें नये जीवन के रूप में मनाना चाहिए. अपनी कमजोरी व बुराइयों को हमें दूर भगाना चाहिए.
विश्वासी ईश्वर को नमन करें और पापों के लिए क्षमा मांगे. साथ ही दूसरों के लिए उदाहरण बने विभिन्न कलीसिया से आये युवक-युवतियों की मंडलियों ने भजन, गीत, नृत्य व नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. विजेता प्रतिभागियों के बीच पारितोषिक वितरण किया गया.
कार्यक्रम का संचालन जकरिया कंडुलना ने किया. इस अवसर पर पादरी रेव मार्शल टूटी, पास्टर दिनेश कंडुलना, सचिव जकरिया कंडुलना, दिलबर तोपनो, पीयूष गुड़िया, मार्टिन बरला आदि ने संदेश दिया. कार्यक्रम में नारायण स्वांसी, गैबरियल टोपनो, अंजुल डहंगा, सोमा मुंडा, जुनून कोंगाड़ी व युवक-युवतियां मौजूद थे.
