खलारी : पॉलिटेक्निक छात्र रवि विश्वकर्मा के परिजन को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को आहूत खलारी बंद असरदार रहा. बंद का आह्वान खलारी युवा मोर्चा ने किया था. मोर्चा के अध्यक्ष प्रताप यादव समर्थकों के साथ सुबह ही बाजार बंद कराने निकले. उधर जिप सदस्य अब्दुल्ला अंसारी के आह्वान पर सभी साइडिंग व कोयला ट्रांस्पोर्टिंग बंद हो गये.
झामुमो, आजसू, नौजवान बेरोजगार संघर्ष समिति, खलारी युवा चेतना मंच, आंबेडकर विचार मंच ने बंद का समर्थन किया था. खलारी पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजीव रंजन लाल सुबह नौ बजे प्रताप यादव व उनके समर्थकों को गिरफ्तार कर प्रखंड कार्यालय में बने कैंप जेल ले आये. इसके बाद जैसे-जैसे बंद समर्थक निकले, पुलिस गिरफ्तार कर कैंप जेल लाती रही.
मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी चिंतामन रजक, एसएसबी के जवान, रांची से आये जैप व महिला पुलिस मुस्तैद रहे. चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. शाम में गिरफ्तार लोगों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया.
