पिपरवार : पिपरवार के किचटो स्थित एक नंबर कांटा घर बंद रहने के विरोध में शनिवार को ग्रामीण महिला-पुरुषों ने प्रदर्शन व नारेबाजी की. सीएचपी/सीपीपी परियोजना से संबद्ध रिजेक्ट कांटा का कामकाज पिछले दो माह से बंद रहने के विरोध में किचटो इमली पेड़ प्रांगण के समीप लखन महतो की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें रिजेक्शन कोल सेल से जुड़े एक नंबर कांटा घर का काम बंद रहने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी पर विस्तार से चर्चा की गयी. बताया गया कि इस संबंध में पिछले 10 मई को सीएचपी/सीपीपी परियोजना प्रबंधन को पत्र लिख कर कांटा घर को शीघ्र चालू करने की मांग की गयी थी.
एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद प्रबंधन द्वारा इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं किये जाने पर ग्रामीणों में नाराजगी दिखी. ग्रामीणों का कहना था कि सेल बंद हो जाने के कारण उनके सामने बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न हो गयी है. रोजी-रोटी छिन जाने से भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गयी है. ट्रक लोडिंग व लेवलिंग मजदूरों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बैठक के माध्यम से रिजेक्शन कोल कमेटी के सदस्यों से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया.
इस दौरान ग्रामीणों ने एक नंबर कांटा घर चालू करने को लेकर जम कर नारेबाजी की. ग्रामीणों का कहना था कि यदि एक नंबर कांटा घर शीघ्र चालू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर हो जायेंगे. मौके पर प्रकाश मुंडा, प्रयाग महतो, गणेश महतो, महेश कुमार, नागेश्वर महतो, सोहन महतो, कौलेश्वर मुंडा, महेश कुमार, जलेश्वर महतो, दिलीप भुइयां, लखी टानाभगत, बरसा टानाभगत, राजकुमार महतो, कैला टानाभगत, मोहन मुंडा, संजय कुमार, भुनेश्वर महतो, मदन महतो, श्याम गंझू, रामचंद्र गंझू, राकेश गंझू, नरेश करमाली, राजेश महतो, रवींद्र सिंह, देवंती देवी, रूपा देवी, गुड़िया देवी, ललिता देवी, सुगी देवी, पनवा देवी, शांति देवी, सुनीता, सोनिया, रीना देवी, पनवा आदि मौजूद थे.
